सुपौल (बिहार ):- सुपौल शहर की सड़कों पर इन दिनों बेलगाम ट्रैक्टरों की वजह से हादसे का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड और तेज रफ्तार से चल रहे ट्रैक्टरों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई जगहों पर नाबालिग चालक भी ट्रैक्टर चलाते नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों और अन्य वाहनों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
शहर की मुख्य सड़कों से लेकर बाजार और ग्रामीण इलाकों तक ट्रैक्टरों की आवाजाही बढ़ गई है। कई ट्रैक्टर चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं। इतना ही नहीं, कई ट्रैक्टरों पर जरूरत से ज्यादा बालू, ईंट या अन्य सामान लादकर चलाया जा रहा है, जिससे संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे हैं और कई मामलों में नाबालिग चालक भी ट्रैक्टर चलाते देखे जा रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह समस्या सिर्फ सुपौल जिले तक सीमित नहीं है। बिहार के लगभग सभी जिलों में इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है, जहां नियमों को दरकिनार कर ट्रैक्टर चलाए जा रहे हैं। ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं होने और प्रशासनिक सख्ती की कमी के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
लोगों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड और नाबालिग चालकों द्वारा चलाए जा रहे ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़कों पर होने वाले संभावित हादसों को रोका जा सके।
संवाददाता :- The Khabar Aas Pass सुपौल
